Satna Accident News: व्यंकट-1 स्कूल के सामने बिजली के खंभे से टकराकर आग का गोला बनी कार, ड्राइवर मयंक रैकवार ने कूदकर बचाई जान

सतना (Satna Samachar 24x7): सतना शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार व्यंकट-1 स्कूल के सामने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:00 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कटनी से लौटकर सतना आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

चालक ने समय रहते कार से कूदकर बचाई अपनी जान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक MP 20 CH 9946 (जिसके मालिक विपिन रैकवार बताए गए हैं) को चालक मयंक रैकवार चला रहे थे। रात करीब 2 बजे व्यंकट-1 स्कूल के सामने अचानक वाहन से नियंत्रण हट जाने के कारण यह हादसा हुआ। खंभे से भिड़ंत होते ही इंजन से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। संकट भांपते ही चालक मयंक रैकवार ने बिना एक पल गंवाए कार से बाहर छलांग लगा दी। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक सुरक्षित बच गए, हालांकि जल्दबाजी में उनका मोबाइल फोन कार के भीतर ही छूट गया जो आग की भेंट चढ़ गया।


दमकल ने बुझाई आग, कार पूरी तरह जलकर खाक

बीच सड़क पर धू-धू कर जलती कार को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।


सतना, मैहर, रीवा और पूरे विंध्य क्षेत्र की हर बड़ी व जमीनी खबर सबसे पहले पढ़ने के लिए विजिट करें: satnasamachar24x7.in


टिप्पणियाँ